ट्रैकिंग जूतों के बारे में मेरी राय :-
ऐसे तो ट्रैकिंग अपने आप में बहुत बड़ा विषय है, साथ ही इसके लिए प्रयुक्त होने वाली सामग्री भी भिन्न-भिन्न प्रकार की हैं। बाजार में कई प्रकार के ब्रांड उपलब्ध हैं, लेकिन मैं स्वयं जो भी सामान ट्रैक के लिए उपयोग करता हूँ, उसके अनुभव साझा करना चाहता हूँ।
आज बात करते हैं जूतों की। चूँकि ट्रैकिंग का मतलब पद यात्रा तो सबसे पहली बात पांवों की ही आती है। ऐसे मैं सबसे उपयुक्त जूते कौन से लिए जाए ये महत्वपूर्ण प्रश्न है।
हर ट्रैकर की भिन्न-भिन्न शारीरिक क्षमताएं हैं। यही बात पांवों के मामले में भी आती है, किसी को तलुओं में दर्द की शिकायत होगी तो किसी को अंगूठों में दर्द होता होगा। ऐसे में तो सबसे अच्छा यही होगा कि खुद की शरीरिरिक पसंद और नापसंद के बाद ही कोई भी सामान की खरीददारी करनी चाहिए।
मैं स्वयं वही सामान प्रयुक्त करता हूँ जो मेरे शरीर के लिए सुविधाजनक होता है। ट्रैक में सर्वप्रथम तो यह जानना जरूरी होता है कि जिस ट्रैक पर हम जा रहे हैं वहां की भूगोलिक परिस्थिति क्या है। सामान्य जमीन पर चलना होगा या बोल्डर क्षेत्र मिलेगा, नदी तट पर दलदली जमीन मिलेगी या बर्फ पर चलना होगा आदि।
आम तौर पर हिमालय के 2500 से 3500 मीटर के ऊँचे पहाड़ों पर एक जैसी ही जमीन पर चलने को मिलता है। परिस्थियाँ अक्सर 3500 मीटर के बाद की ऊंचाई वाले स्थानों पर अलग-अलग मिलती हैं। फिर ट्रैक किस समय किया जा रहा है ये भी महत्वपूर्ण बात होती है। जाहिर है कि बारिश के मौसम में करेंगे तो कीचड और पानी से निपटना होगा। सर्दियों में ट्रैक करेंगे तो निश्चित रूप से बर्फ पर चलना होगा। लेकिन ये सब पूर्व निर्धारित समय हैं और हमको आशंका पहले से ही होती है कि चलने के लिए कैसी जमीन मिलने वाली है।
अधिकतर लोग ट्रैक के लिए ऐसे समय का ही चुनाव करते हैं जिसमे उनको बारिश और बर्फ़बारी से सामना ना ही करना पड़े। फिर 3500 मीटर की ऊंचाई पर बर्फ भी कुछ ही समय के लिए मिलती है उसके बाद सूखी जमीन पर ही चलना होता है।
यहाँ ट्रैकिंग की तकनीकियों के बजाय ऐसे सामान्य ट्रैक के लिए जूतों की बात करते हैं, जिसमें मुख्य रूप से सूखी ही जमीन मिलनी है। ऐसे तो मैंने अभी तक कई ब्रांड के जूते आजमाए हैं, जिनमे Forcelez 500, Action Trekking Shoes और सामान्य जूते महत्वपूर्ण रहे हैं।
लेकिन साल में एक या दो सामान्य ट्रैक करने के लिए 3500-4000 तक जूतों में खर्च करने को समझदारी नहीं कहूँगा। हाँ अगर आपको नियमित रूप से भविष्य में ट्रैक करने हैं तो निश्चित रूप से अच्छी क्वालिटी के जूतों को ले लेना चाहिए। लेकिन अगर आप एक या दो बार ही पहाड़ों पर जाने वाले हैं तो इसके लिए मैं निम्न जूतों को लेने की सलाह दूंगा।
जब से मैंने इन जूतों को प्रयोग करना शुरू किया है, मुझे कोई ख़ास कमी इनमे लगी नहीं। 200 किलोमीटर ट्रैक इन जूतों से मैं कर चुका हूँ। या यूँ कहें कि जो इनकी कीमत 500 रुपये है वो पूरी तरह वसूल चुका हूँ।
वजन ज्यादा नहीं है, ग्रिप भी अच्छी है, हालाँकि वाटरप्रूफ नहीं हैं, लेकिन कुछ हद तक पानी को रोकते हैं। हां बोल्डर पर चलने के लिए ये जूते उपयुक्त नहीं हैं। सतोपन्थ ट्रैक पर इनके तलुवों को बोल्डर्स के नुकीले कोनों ने काट दिया था। लेकिन सामान्य जमीन, गीली मिटटी, भुरभुरी जमीन पर मस्त हैं।
(नोट:- इस लेख में जो भी विचार हैं, ये मेरे व्यक्तिगत विचार हैं। खरीददारी से पहले अपने विवेक का प्रयोग करें।)





Please welcome shuse not stock
ReplyDelete